आश्वासन के बाद जिप सदस्य कटरे की भूख हड़ताल समाप्त

- आश्वासन पुरा नहीं हुआ तो फिर से आंदोलन की चेतावनी 
   सारस न्यूज़ एक्सप्रेस गोंदिया 
सड़क तथा अन्य कामों को लेकर जिला परिषद सदस्य विमल कटरे ने जिला परिषद कार्यालय के सामने 19 सितंबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी थी। जिसे गंभीरता से लेते हुए जिला परिषद के अध्यक्ष पंकज रहांगडाले तथा जिप सभापति व सदस्यों ने भूख हड़ताल स्थल पर जाकर जिप सदस्य विमल कटरे को आश्वासन दिया कि 8 दिनों के भीतर उपरोक्त मांगे पुरी हो जाएगी। आश्वासन के बाद जिप सदस्य विमल कटरे ने 21 सितंबर को दोपहर 3 बजे भूख हड़ताल समाप्त की। लेकिन चेतावनी यह भी दी कि यदि उपरोक्त मांगे पुरी नहीं हुई तो फिर से आंदोलन की भूमिका अपनाई जाएगी। 
इस संदर्भ में सालेकसा तहसील के जिप सदस्य विमल कटरे ने जानकारी देते हुए बताया कि साखरीटोला-तिरखेड़ी की सड़क पर इतने जानलेख गड्ढे है कि इस सड़क से गुजरना मुश्किल हो गया है। सड़क की मरम्मत के लिए कई बार आंदोलन किए गए लेकिन इस ओर अनदेखी ही की जा रही है। इसी प्रकार धानोली से बाम्हणी सड़क निर्माण के लिए रेलवे प्रशासन द्वारा एक वर्ष पूर्व अनापत्ती प्रमाणपत्र जारी किया था, लेकिन निर्माण कार्य को पुरा नहीं किया गया। जिप सदस्य विमल कटरे ने आरोप लगाते हुए बताया कि जिप का सत्ताधारी दल पक्षता पूर्ण निती अपना रहा है। उपरोक्त मांगे 18 सितंबर तक पुरी नहीं की गई तो 19 सितंबर से जिला परिषद कार्यालय परिसर के सामने अनिश्चित कालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। इस चेतावनी के बाद भी जिला परिषद प्रशासन द्वारा अनदेखी की। आखिरकार जिप सदस्य विमल कटरे ने 19 सितंबर से भूख हड़ताल शुरू कर दी थी। 21 सितंबर को जिप अध्यक्ष व जिप सभापति व सदस्यों ने अनशन स्थल को भेंट देकर उपरोक्त कामों को तत्काल पुरा करने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद भूख हड़ताल को पिछे ले लिया गया है।